बीजेपी की राजनीति विकास की, बैर की नहीं: चंद्रशेखर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर टीवी डिबेट में दिए गए आपत्तिजनक बयान पर बढ़ते विवाद के बीच बीजेपी नेता और केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सफाई दी है। उन्होंने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की धमकी या व्यक्तिगत बैर की राजनीति का समर्थन नहीं करती।

चंद्रशेखर ने कहा, “बीजेपी की राजनीति विचारधारा और विकास की है, न कि नफरत या निजी दुश्मनी की।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रवक्ता प्रिंटू महादेवन ने गुस्से में जो कुछ कहा, वह पार्टी की सोच नहीं है और इस तरह की बयानबाजी को बीजेपी बर्दाश्त नहीं करती।

गौरतलब है कि 26 सितंबर को एक टीवी डिबेट में महादेवन ने राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद कांग्रेस में आक्रोश फैल गया। पूरे केरल में प्रदर्शन हुए और कांग्रेस नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से कार्रवाई की मांग की। महादेवन को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। इस विवाद ने एक बार फिर भारतीय राजनीति में बयानबाजी की मर्यादा और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।