भारत माता की छवि वाले सिक्के और डाक टिकट जारी

नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ स्वयंसेवक और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने बताया कि 100 रुपये के सिक्के पर एक ओर राष्ट्रीय चिन्ह है, जबकि दूसरी ओर भारत माता की छवि के साथ स्वयंसेवक समर्पण भाव से नमन करते हुए दिखाए गए हैं। उन्होंने कहा, “आजाद भारत में पहली बार मुद्रा पर भारत माता की तस्वीर अंकित हुई है।” इसी मौके पर जारी डाक टिकट में 1963 की ऐतिहासिक गणतंत्र दिवस परेड की झलक भी शामिल है, जिसमें संघ के स्वयंसेवक राष्ट्रभक्ति की धुन पर कदमताल करते नजर आए थे।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए संघ की सौ साल की यात्रा को राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक अनेक बलिदान दिए हैं और संगठन का उद्देश्य हमेशा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” रहा है।