दिल रहेगा दुरुस्त: खानपान और एक्सरसाइज से हार्ट को रखें फिट
दिल की बीमारियां अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि युवा भी तेजी से इसका शिकार हो रहे हैं। वर्ल्ड हार्ट डे 2025 के मौके पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि असंतुलित खानपान, नींद की कमी और व्यायाम की अनदेखी, हार्ट डिजीज के बड़े कारण हैं। धर्मशिला हॉस्पिटल के प्रो. डॉ. हेमंत मदान ने बताया कि नींद न पूरी होने पर ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल बढ़ जाता है, जिससे दिल पर सीधा असर पड़ता है। उनका कहना है कि “कम से कम सात घंटे की नींद लेना हार्ट के लिए जरूरी है।”
धर्मशिला नारायणा हॉस्पिटल के डॉ. विकास गुप्ता ने हार्ट पेशेंट्स के लिए वॉकिंग को सबसे आसान और असरदार एक्सरसाइज बताया। उनके अनुसार रोजाना 30–45 मिनट पैदल चलना या हल्की साइकिलिंग दिल और फेफड़ों की सेहत के लिए फायदेमंद है। वहीं जिन मरीजों की हार्ट सर्जरी हो चुकी है, उन्हें माइंडफुल ईटिंग अपनाने की सलाह दी गई है। इसका मतलब है भोजन की कैलोरी, मात्रा और गुणवत्ता पर ध्यान देना और सख्त डाइटिंग से बचना।
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए हरी-सब्जियां, साबुत अनाज, फल, दालें और नट्स जैसे विकल्प डाइट में शामिल करना चाहिए। वहीं ट्रांस फैट, जंक फूड, धूम्रपान और अल्कोहल से दूरी बनाना जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि थोड़े-थोड़े बदलाव जैसे सही नींद, संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम दिल को लंबे समय तक दुरुस्त रख सकते हैं।
