त्रिपुरा निकाय चुनाव: 268 सीटों पर मतदान, 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

त्रिपुरा में 16 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) की 268 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 5.65 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 2.88 लाख महिलाएं, 2.76 लाख पुरुष और 43 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है और महिला उम्मीदवारों की भागीदारी भी पुरुषों के लगभग बराबर है।
चुनाव के लिए कुल 733 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 265, सीपीआई-एम के 228, कांग्रेस के 201 और टिपरा मोथा के 10 उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा 29 निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। सत्ताधारी भाजपा ने पहले ही आठ निकायों में 77 सीटें निर्विरोध जीत ली हैं, जिनमें पांच निकायों की सभी 65 सीटें शामिल हैं।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 39 कंपनियां शामिल हैं, जिनमें सीआरपीएफ और बीएसएफ के 3,000 से अधिक जवान तैनात हैं। अगरतला नगर निगम (AMC) की 51 सीटों में से 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
