सलीम खान के सामने क्यों चुप हो जाते हैं सलमान

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी दमदार शख्सियत और बिंदास अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं। चाहे फिल्म सेट हो या टीवी शो, उनके सामने अक्सर लोग सहज महसूस नहीं करते। लेकिन खुद सलमान खान भी एक शख्सियत के सामने असहज हो जाते हैं—अपने पिता और मशहूर लेखक सलीम खान

सलमान के करीबी दोस्त और अभिनेता आसिफ शेख ने हाल ही में एक इंटरव्यू में यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि “सलीम सर सलमान के सबसे बड़े आलोचक हैं। वह बिना लाग-लपेट अपनी राय रखते हैं। यही वजह है कि सलमान अपने पिता के सामने हमेशा संकोच महसूस करते हैं। शुरुआती दौर में तो वह उनके सामने ठीक से बोल भी नहीं पाते थे और अक्सर उनकी जुबान लड़खड़ा जाती थी।” आसिफ के मुताबिक, सलमान अपने पिता से बेहद सम्मान और डर का रिश्ता रखते हैं।

आसिफ ने यह भी कहा कि उन्होंने सलमान के फार्महाउस पर सलीम खान के साथ लंबा समय बिताया है। उनके मुताबिक, सलीम खान का सेंस ऑफ ह्यूमर गजब का है और उनकी बातचीत से हमेशा कुछ नया सीखने को मिलता है। यह साफ है कि भले ही सलमान खान आज बड़े सितारे हों, लेकिन पिता सलीम खान के सामने वह आज भी बेटे की तरह झिझकते रहते हैं।