अगर पूरी हों ये शर्तें तो बचेंगे भारतीय प्रोडक्ट्स
नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत से आयातित प्रोडक्ट्स पर 50% तक का टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है, जो 27 अगस्त 2025 से लागू हो जाएगा। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच आयात शुल्क को लेकर बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। ट्रंप प्रशासन ने नोटिफिकेशन जारी कर साफ कर दिया कि अतिरिक्त 25% शुल्क अब कुछ ही घंटों में लागू होगा।
हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने तीन विशेष शर्तें रखी हैं जिनके पूरे होने पर कुछ भारतीय प्रोडक्ट्स को इस अतिरिक्त शुल्क से छूट मिल सकती है। पहली शर्त यह है कि माल 27 अगस्त को रात 12:01 बजे (EDT) से पहले भारत से जहाज पर लोड होकर अमेरिका के लिए रवाना हो चुका हो। दूसरी शर्त के मुताबिक, वह सामान 17 सितंबर 2025 को सुबह 12:01 बजे से पहले अमेरिकी बाजार में पहुंचकर खपत के लिए तैयार होना चाहिए। तीसरी और सबसे अहम शर्त यह है कि भारत को अमेरिकी कस्टम्स के सामने HTSUS heading 9903.01.85 के तहत प्रमाणित करना होगा कि माल ‘इन-ट्रांजिट छूट’ की श्रेणी में आता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस टैरिफ का असर खासकर छोटे उद्योगों और कृषि उत्पादों पर गहराई से पड़ेगा। अमेरिका का दावा है कि भारत रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध को बढ़ावा दे रहा है, वहीं भारत का कहना है कि उसकी प्राथमिकता किसानों और छोटे उद्योगों की रक्षा करना है। आने वाले हफ्तों में यह टैरिफ दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों की परीक्षा साबित होगा।
