ऋतुराज गायकवाड़ निजी कारणों से इंग्लैंड से लौटे

भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने निजी कारणों के चलते इंग्लैंड में होने वाली काउंटी चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले गायकवाड़ ने यॉर्कशर क्लब के साथ 5 मैचों का करार किया था और उनका डेब्यू 22 जुलाई को होना था। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले ही उन्होंने खेलने से इनकार कर दिया है।

यॉर्कशर के हेड कोच एंथनी मैकग्रा ने पुष्टि की कि ऋतुराज अब टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “निजी कारणों की वजह से गायकवाड़ अब स्कारबोरो या बाकी सीजन में हमारे लिए नहीं खेल पाएंगे। यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन हम उनकी स्थिति को समझते हैं।” कोच ने यह भी स्वीकार किया कि टीम को अब बहुत कम समय में किसी नए खिलाड़ी की तलाश करनी होगी।

ऋतुराज गायकवाड़ के न खेलने से यॉर्कशर की योजनाओं को तगड़ा झटका लगा है। भारत में चोट के चलते आईपीएल 2025 के अधिकांश मुकाबलों से दूर रहने के बाद गायकवाड़ की वापसी पर सबकी निगाहें थीं। चूंकि उन्हें मौजूदा इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में नहीं चुना गया, इसलिए काउंटी क्रिकेट उनके लिए बेहतरीन मौका साबित हो सकता था। फिलहाल, यह साफ नहीं है कि वे कब मैदान पर वापसी करेंगे।

 

 

 

 

Ask ChatGPT