भारत-अमेरिका ट्रेड डील में टैरिफ घटाने की तैयारी
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच एक संभावित ट्रेड डील की चर्चा ज़ोर पकड़ रही है, जिसके तहत आयात शुल्क यानी टैरिफ को 20 फीसदी से कम किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, यह एक अंतरिम समझौता होगा जो भारत को दक्षिण एशिया के अन्य देशों की तुलना में व्यापारिक दृष्टिकोण से मजबूत स्थिति प्रदान कर सकता है।
इस समझौते की घोषणा अगस्त से पहले किसी संयुक्त बयान के ज़रिए होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि भारत को इस सप्ताह टैरिफ डिमांड लेटर नहीं मिलेगा, जैसा कि अन्य देशों को मिला है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डील भारत को प्रमुख मुद्दों पर अंतिम समझौते से पहले समाधान तलाशने का अवसर देगी। इसमें टैरिफ को मौजूदा 26% से घटाकर 20% से नीचे लाने की बात कही गई है, जिससे दोनों देशों को बातचीत जारी रखने की गुंजाइश मिलेगी।
अगर यह ट्रेड डील अंतिम रूप लेती है, तो भारत उन गिने-चुने देशों में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने ट्रंप प्रशासन के साथ व्यापार समझौता किया है। फिलहाल अमेरिका ने वियतनाम और फिलीपींस जैसे एशियाई देशों पर 20% और म्यांमार-लाओस पर 40% तक टैरिफ लागू कर दिया है। भारत ने अमेरिका को अपना सबसे अच्छा प्रस्ताव पहले ही भेज दिया है, लेकिन जेनेटिकली मॉडिफाइड फसलों और फार्मा नियमों जैसे मुद्दों पर मतभेद अब भी बरकरार हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही वॉशिंगटन रवाना होगा ताकि इस संभावित ट्रेड डील को अंतिम रूप दिया जा सके।
