डसॉल्ट को 51% हिस्सेदारी, रिलायंस ने बेचे शेयर

रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की सब्सिडियरी रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर लिमिटेड ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह डसॉल्ट रिलायंस एयरोस्पेस लिमिटेड (DRAL) में अपनी 2% हिस्सेदारी फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन को ट्रांसफर करेगी। इस डील के पूरा होने के बाद डसॉल्ट की हिस्सेदारी 49% से बढ़कर 51% हो जाएगी, जिससे ज्वाइंट वेंचर पर उसका नियंत्रण मजबूत होगा।

कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि इस हिस्सेदारी का मूल्य 175.96 करोड़ रुपये तय हुआ है। यह ट्रांजैक्शन 1 नवंबर 2025 तक पूरा होने की संभावना है। DRAL नागपुर स्थित अपनी यूनिट से राफेल और फाल्कन एयरक्राफ्ट के लिए एयरफ्रेम और सबसिस्टम्स का उत्पादन करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि हिस्सेदारी में यह बदलाव भारत की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में डसॉल्ट की भूमिका को और गहरा करेगा।

शेयर बाजार में शुक्रवार को रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का शेयर 0.59% गिरकर 285.75 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, पिछले छह महीनों में इसमें करीब 30% की तेजी दर्ज की गई है। कंपनी ने साफ किया कि बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के अकाउंट्स को फ्रॉड घोषित करने का असर उसकी वित्तीय स्थिति या ऑपरेशन्स पर नहीं पड़ेगा।