भारत-त्रिनिदाद संबंधों में नई जान, 6 अहम समझौते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की त्रिनिदाद एंड टोबैगो की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत और कैरेबियाई देश के बीच छह महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। ये समझौते फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, खेल, संस्कृति और राजनयिक प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर किए गए। यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी, जिसने दोनों देशों के संबंधों में नई ऊर्जा भर दी है।
पीएम मोदी और त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के बाद साझा हितों वाले कई क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन, साइबर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे वैश्विक विषयों पर साझा प्रयासों को गति देने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम मोदी ने भारतीय मूल के लोगों के लिए ओसीआई कार्ड की पेशकश को भी द्विपक्षीय संबंधों में एक भावनात्मक सेतु बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “फार्मा, टेक्नोलॉजी और कृषि रिसर्च जैसे क्षेत्रों में असीम संभावनाएं हैं। हमने जनसंपर्क, योग और खेल को बढ़ावा देने के नए मार्ग भी तलाशे हैं।” इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो को त्वरित-प्रभाव परियोजनाओं और क्षमता निर्माण में सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री बिसेसर को भारत आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
