ट्रंप के टैरिफ पर अमेरिकी विशेषज्ञ का कड़ा हमला
नई दिल्ली, 2 सितम्बर – अमेरिकी राजनीति के वरिष्ठ विश्लेषक और शिकागो विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जॉन मीयारशाइमर ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को “बड़ा भूल” करार दिया है। उनका कहना है कि रूस से तेल खरीदने पर भारत पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क ने दोनों देशों के रिश्तों को “विषाक्त” बना दिया है।
डेनियल डेविस पॉडकास्ट को दिए इंटरव्यू में मीयारशाइमर ने स्पष्ट कहा कि भारत को इस तरह के दबाव से झुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने जोड़ा, “भारत ने साफ कर दिया है कि वह रूस से तेल खरीद बंद नहीं करेगा। ट्रंप चार बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिला। यह संकेत है कि भारत इस नीति से बेहद नाराज़ है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला अमेरिका की एशिया रणनीति को कमजोर कर रहा है। मीयारशाइमर के अनुसार, “चीन को रोकने के लिए भारत के साथ अच्छे संबंध बेहद ज़रूरी हैं। लेकिन ट्रंप की इस चाल ने भारत को और अधिक रूस और चीन की ओर धकेल दिया है।” उन्होंने यह भी कहा कि पॉलिसी सर्कल में इस कदम का समर्थन केवल सीमित लोगों से आ रहा है, और इसका परिणाम अमेरिका के लिए नुकसानदेह साबित होगा।
