जर्मनी बना सकता है एक माह में परमाणु बम: IAEA

वियना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि यदि जर्मनी चाहे तो वह एक माह या उससे थोड़े अधिक समय में परमाणु बम बना सकता है। ग्रॉसी के मुताबिक जर्मनी के पास आवश्यक तकनीक, वैज्ञानिक क्षमता और परमाणु सामग्री मौजूद है, हालांकि वह परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का सदस्य है और अब तक उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल नहीं उठे हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है जब जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने देश को यूरोप की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति बनाने की मंशा जताई है। इससे पहले बुंडेस्टाग में सीडीयू/सीएसयू ब्लॉक के नेता जेन्स स्पैन ने अमेरिका पर अत्यधिक निर्भरता पर चिंता जताते हुए यूरोपीय परमाणु सुरक्षा ढांचे की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि या तो जर्मनी को ब्रिटेन और फ्रांस के परमाणु शस्त्रागार तक पहुंच मिले या फिर वह खुद कोई उपाय करे।

IAEA प्रमुख ने यह भी चेताया कि यदि परमाणु हथियारों तक पहुंच आसान हो गई, तो दुनिया अधिक अस्थिर और विनाशकारी हो जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे वैश्विक संवाद की जरूरत है जो परमाणु अप्रसार संधि की मजबूती सुनिश्चित करे। वहीं, ईरान को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में IAEA को यह जानकारी नहीं है कि उसका संवर्धित यूरेनियम कहां मौजूद है।