शिल्पा शेट्टी केस: 60 करोड़ की ठगी में लुकआउट नोटिस
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक व्यापारी की शिकायत पर दोनों के खिलाफ 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। ताज़ा कार्रवाई में पुलिस ने कपल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है, जिससे अब उनकी विदेश यात्रा पर रोक लग गई है।
यह विवाद व्यापारी दीपक कोठारी की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद गहराया है। कोठारी का दावा है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच कपल की कंपनी Best Deal TV Pvt. Ltd. में 60 करोड़ रुपये का निवेश किया था। आरोप है कि इस निवेश का इस्तेमाल बिजनेस की बजाय निजी खर्चों में किया गया। कोठारी का कहना है कि 2016 में शिल्पा शेट्टी ने खुद पैसे लौटाने की गारंटी दी थी, लेकिन न तो रकम लौटाई गई और न ही कंपनी की दिवालिया स्थिति की जानकारी उन्हें दी गई।
EOW ने इस मामले में आईपीसी की धारा 403, 406 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी कपल के ट्रैवल रिकॉर्ड और फंड के उपयोग की पड़ताल कर रही है। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद अब शिल्पा और राज कुंद्रा की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं, क्योंकि वे देश से बाहर नहीं जा पाएंगे और उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा।
