उदयपुर में होगी रश्मिका-विजय की शाही शादी

दक्षिणी फिल्म जगत की लोकप्रिय जोड़ी रश्मिका मन्दाना और विजय देवरकोंडा अब अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप देने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने हाल ही में साढ़े दो लाख रुपये की हीरे की अंगूठी से चुपचाप सगाई कर ली है। रश्मिका के ‘थामा’ प्रमोशन के दौरान उनकी उंगली में चमकती अंगूठी ने प्रशंसकों का ध्यान खींचा। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “सबको सब पता है लगता है,” लेकिन औपचारिक रूप से सगाई की पुष्टि नहीं की।
अब खबर है कि रश्मिका-विजय अगले वर्ष फरवरी 2026 में राजस्थान के उदयपुर में राजसी ठाठ-बाट के साथ सात फेरे लेंगे। पहले यह शादी वैलेंटाइन डे के आस-पास तय थी, लेकिन अब सूत्रों के अनुसार 26 फरवरी को एक भव्य महल में समारोह होगा। इस आयोजन में सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे, क्योंकि दोनों गोपनीयता बनाए रखना चाहते हैं।
दोनों सितारे लंबे समय से एक-दूसरे के करीब माने जाते रहे हैं, हालांकि उन्होंने कभी अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया। प्रशंसकों के बीच इस जोड़ी को लेकर उत्साह चरम पर है। सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई है, जबकि रश्मिका और विजय फिलहाल इस पूरे विषय पर चुप हैं। दक्षिणी सिनेमा के दो सबसे चर्चित नामों की यह शादी निस्संदेह 2026 की सबसे बड़ी सेलेब्रिटी घटनाओं में से एक होगी।
