रोडवेज बसों में बच्चों के आधे टिकट पर पूरी सीट देना अनिवार्य, आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले बच्चों के लिए नियमों को स्पष्ट करते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान प्रावधानों के अनुसार, पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का आधा टिकट काटा जाता है। हालांकि, निगम मुख्यालय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि परिचालक आधा टिकट लेने के बावजूद बच्चों को सीट उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन ने इस स्थिति को अत्यंत आपत्तिजनक माना है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि आधा टिकट लेने वाले बच्चों को बस में पूरी सीट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। इस नियम का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी परिचालकों, यातायात निरीक्षकों और यातायात अधीक्षकों को सौंपी गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक मो. अजीम ने स्पष्ट किया है कि बच्चों को पूरी सीट देने का नियम पहले से ही प्रभावी है। उन्होंने सभी एआरएम को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए हैं। यदि किसी भी स्तर पर इन नियमों की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
