मेले के खर्च के लिए फादर पर कुल्हाड़ी से वार! झारखंड के स्कूल में पूर्व छात्रों का खौफनाक तांडव!

झारखंड के खूंटी जिले में सेंट माइकल्स चर्च से जुड़े आरसी बॉयज मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक फादर बेनेडिक्ट बर्ला पर हुए जानलेवा हमले का खूंटी पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। स्थानीय मेले में घूमने और मौज-मस्ती के लिए पैसे जुटाने की नीयत से उसी स्कूल के चार पूर्व नाबालिग छात्रों ने चोरी की खौफनाक साजिश रची थी। चोरी के दौरान अचानक फादर बर्ला के वहां पहुंच जाने से पकड़े जाने के डर से एक आरोपी ने पैने धारदार हथियार से उनके माथे और कान के पास जानलेवा हमला कर दिया। फादर को लहूलुहान अवस्था में वहीं छोड़कर आरोपी नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है, जिनकी निशानदेही पर जंगल में जमीन के नीचे छुपाकर रखे गए 85,747 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। हिरासत में लिए गए तीनों नाबालिगों की उम्र 13, 14 और 15 साल है और ये सभी सातवीं कक्षा पास करने के बाद स्कूल छोड़ चुके थे। वारदात की रात ये चारों चोरी के इरादे से स्कूल परिसर में दाखिल हुए थे। हमला करने के बाद अगले दिन फादर बेनेडिक्ट बर्ला गंभीर हालत में बेहोश पाए गए थे, जिन्हें तुरंत रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गठित एसआईटी (SIT) ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर डंप डेटा की मदद से संदिग्ध नंबर को ट्रैक कर इस अंधे कत्ल की साजिश का पर्दाफाश किया। चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
