पटियाला नगर निगम चुनाव: वार्ड 32 में मतदान के दौरान हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी से अभद्रता का आरोप

पटियाला नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 32 में मतदान प्रक्रिया के बीच हंगामा होने की खबर है। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब के पूर्व एडीजीपी और कांग्रेस कोआर्डिनेटर गुरिंदर ढिल्लों मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश स्तर पर गठबंधन के बावजूद पटियाला में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों ने गठबंधन की घोषणा से पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे, जिसके बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ जाने के कारण दोनों ने अपने प्रत्याशियों को मैदान में बनाए रखने का निर्णय लिया। शहर के 30 वार्डों में भाजपा और अकाली दल के उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
भाजपा के पटियाला शहरी जिला प्रधान विजय कुमार कुक्का, जो वार्ड 50 से चुनाव लड़ रहे हैं, ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार वे चुनाव में डटे हुए हैं। गठबंधन के बाद भी स्थानीय स्तर पर दोनों दलों के बीच जारी यह मुकाबला चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल दोनों पार्टियां अपने परंपरागत वोटरों को साधने की कोशिश में जुटी हैं।
