रूस के 500 Su-57 फाइटर जेट के प्रस्ताव पर चीनी विशेषज्ञों ने उठाए सवाल

रशियन सेंटर फॉर एनालिसिस ऑफ वर्ल्ड आर्म्स ट्रेड (CAWAT) ने भारत को रूस से 50 Su-57E फाइटर जेट खरीदने और 450 विमानों का लाइसेंस के तहत भारत में उत्पादन करने का प्रस्ताव दिया है। इस सुझाव का उद्देश्य भारत की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करना और चीन-पाकिस्तान के बढ़ते स्टील्थ फाइटर जेट बेड़े का मुकाबला करना है। रूसी थिंक टैंक का तर्क है कि भारत को अपने स्वदेशी AMCA कार्यक्रम के पूर्ण होने तक इस विकल्प पर विचार करना चाहिए।
चीनी रक्षा विशेषज्ञों ने इस प्रस्ताव को रूस की हथियारों की बिक्री बढ़ाने की रणनीति करार दिया है। उनका कहना है कि रूस के पास इतनी उत्पादन क्षमता नहीं है कि वह इतनी बड़ी संख्या में विमानों की आपूर्ति कर सके। आंकड़ों के अनुसार, रूस वर्तमान में प्रति वर्ष केवल 4 से 5 Su-57 विमान ही निर्मित कर पा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, 500 विमानों के लिए विशाल मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता होगी, जो व्यावहारिक नहीं है।
चीनी आलोचकों का यह भी तर्क है कि यदि भारत इतने बड़े पैमाने पर रूसी विमानों का सौदा करता है, तो इसका सीधा असर भारत के स्वदेशी AMCA और तेजस Mk-2 कार्यक्रमों पर पड़ेगा। भारी निवेश के कारण स्वदेशी परियोजनाओं के लिए फंड की कमी हो सकती है और रक्षा इको-सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
