असम कैबिनेट का बड़ा फैसला: नए आरक्षित वन और औद्योगिक निवेश को मिली मंजूरी

असम कैबिनेट ने राज्य में पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। नगाोन जिले के पुरचापोरी में 12.49 हेक्टेयर और लुमडिंग के नोकहुति-नॉन्गटे क्षेत्र में 5.6 हेक्टेयर भूमि को आरक्षित वन के रूप में विकसित किया जाएगा। इन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कर संरक्षण के दायरे में लाया गया है।
औद्योगिक निवेश के तहत, तिनसुकिया के गेलापुखुरी में 151 करोड़ रुपये की लागत से फार्मास्यूटिकल्स और रासायनिक इकाइयों की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, कछार जिले के पंचग्राम में गोदरेज द्वारा 101 करोड़ रुपये के निवेश से पाम ऑयल प्रसंस्करण इकाई लगाई जाएगी, जिसके लिए 35 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
कैबिनेट ने शैक्षणिक प्रोत्साहन के लिए 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 17,526 छात्रों को स्कूटर देने हेतु 145 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बोगीबील में टर्मिनल निर्माण हेतु भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण को 60 बीघा भूमि सौंपी जाएगी। साथ ही, दलगांव और बोरहोल में नए नगरपालिका बोर्डों के गठन और गुवाहाटी उपग्रह शहर की सीमा को भी स्वीकृति दी गई है।
