बलौदा बाजार: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने संविधान दिवस पर छात्राओं को किया संबोधित

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बलौदा बाजार के शासकीय मिनी माता कन्या महाविद्यालय में आयोजित संविधान दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं, प्राध्यापकों और जनप्रतिनिधियों को संविधान के पालन की शपथ दिलाई।
सांसद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान हमें नियमों के साथ अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने छात्राओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वे अपने कर्तव्यों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ राज्य और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने छात्राओं द्वारा लगाए गए व्यंजनों के स्टाल का निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कल्पना उपाध्याय, विधि विशेषज्ञ भूपेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व प्राध्यापक एसएम पाध्ये, जिला पंचायत सदस्य अदिति बघमार, विजय केसरवानी और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनिता वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और छात्राएं उपस्थित रहीं।
