विद्युत क्षेत्र में अगले दो दशकों में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना: मनोहर लाल

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने राज्यों के विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में कहा कि अगले दो दशकों में विद्युत क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं। उन्होंने विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया, जिसमें उत्पादन, भंडारण, पारेषण और वितरण को एक ही प्रणाली के रूप में देखा जाए। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तेज करने का आह्वान किया, जिससे उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में सभी डिस्कॉम ने सामूहिक रूप से लाभ दर्ज किया है, जिसे निरंतर बनाए रखने के लिए नीतियों और परिचालन में सुधार आवश्यक है। सम्मेलन में ऊर्जा भंडारण क्षमता, संसाधन पर्याप्तता, पारेषण संबंधी मुद्दों और पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। राज्य सरकारों से इन नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और ठोस परिणामों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया गया है।
विद्युत मंत्रालय के अनुसार, भारत की कुल स्थापित विद्युत क्षमता अब लगभग 563 गीगावाट तक पहुंच गई है, जिसमें 55% से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म स्रोतों का है। पिछले एक वर्ष में 60 गीगावाट नई क्षमता जोड़ी गई है, जिसमें से 87% गैर-जीवाश्म स्रोतों से प्राप्त हुई है। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जो ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
