रूस ने ट्रंप को घेरा, कहा भारत-चीन पर धमकी बेअसर

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि भारत और चीन जैसी प्राचीन सभ्यताओं को धमकाकर या दबाव डालकर झुकाया नहीं जा सकता। उनका बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने रूसी तेल खरीद जारी रखने पर भारत पर कुल 50% तक का आयात शुल्क लगा दिया है।

लावरोव ने रूस के राष्ट्रीय चैनल 1 पर प्रसारित कार्यक्रम द ग्रेट गेम में कहा, “चीन और भारत प्राचीन सभ्यताएं हैं। उनसे यह कहना कि ‘अगर तुम वो नहीं करोगे जो हमें पसंद है तो हम शुल्क लगाएंगे’—यह तरीका काम नहीं करेगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की नीतियां देशों को महंगे दामों पर नए ऊर्जा बाज़ार और स्रोत तलाशने को मजबूर कर रही हैं।

भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों में हालिया तनाव इसी शुल्क विवाद से जुड़ा है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम रूस-भारत तेल व्यापार रोकने और यूक्रेन युद्ध में मास्को की मदद रोकने के लिए है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय न केवल आर्थिक नुकसान बढ़ा रहा है बल्कि रणनीतिक साझेदारियों पर भी नकारात्मक असर डाल सकता है।