जम्मू-कश्मीर के 30 आतंकी पाकिस्तान से रच रहे साजिश: डीजीपी नलिन प्रभात

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने खुलासा किया है कि राज्य से भागे 30 आतंकवादी पाकिस्तान में बैठकर घाटी में फिर से आतंकवाद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये सभी आतंकी माहौर और चसाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो हथियारों का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। वर्तमान में ये लोग हिज्बुल मुजाहिदीन संगठन के लिए काम कर रहे हैं।
डीजीपी के अनुसार, ये आतंकवादी पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में हथियार, गोला-बारूद और धन भेज रहे हैं। वे स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं। खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इन 30 आतंकवादियों में से पांच ने आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से अपनी जमीनें तक बेच दी थीं। पुलिस इन सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।
