संविधान गौरव दिवस: जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर निशाना, कहा- लाल किताब का एक शब्द नहीं पढ़ा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के संचालन का मार्गदर्शक सिद्धांत है। नड्डा ने संविधान सभा के अथक प्रयासों और बाबासाहेब अंबेडकर के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा लाल किताब लेकर घूमने पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने इसका एक शब्द भी नहीं पढ़ा है और उन्हें यह भी नहीं पता कि यह किताब कहां से शुरू होती है और कहां खत्म होती है। नड्डा ने संविधान की गहराई और उसकी विशेषताओं को समझने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि देश उस हमले को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने वीर जवानों के साहस को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने के निर्णय को भारतीय लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
