नेटफ्लिक्स को केंद्र का निर्देश: भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज का प्रसारण न हो

नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के ट्रेलर जारी होने के बाद भारत में विरोध शुरू हो गया है। मंत्रालय को इस सीरीज के भारत में प्रसारण को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सरकार ने नेटफ्लिक्स को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह अपनी पूर्व एडवाइजरी और सरकार को दिए गए वादे का पालन करे, जिसमें कंपनी ने भारत में पाकिस्तानी कंटेंट उपलब्ध न कराने की बात कही थी।
इस मामले में ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ और ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज’ ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि यह सीरीज भारत में रिलीज होती है, तो नेटफ्लिक्स के अन्य प्रोजेक्ट्स की शूटिंग को रोका जा सकता है। उनका कहना है कि भारतीय स्क्रीन पर पाकिस्तानी कलाकारों या कहानियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
मोमिना दुरैद द्वारा निर्मित इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद जैसे कलाकार शामिल हैं। यह फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित है। इस विवाद पर पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। फिलहाल, नेटफ्लिक्स ने भारत में इस सीरीज की रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
