गोपालगंज के पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर का होगा संरक्षण और संवर्धन

बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर के संरक्षण और संवर्धन की योजना तैयार की गई है। कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंदिर का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की और विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया। नारायणी नदी के तट पर स्थित यह मंदिर धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस परियोजना पर लगभग दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार इस धरोहर को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी पहचान पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी उपस्थित रहे। बैठक में विभागीय सचिव प्रणव कुमार और पुरातात्विक निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों को प्रस्तावित कार्ययोजना को आगे बढ़ाने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
