सपा-कांग्रेस गठबंधन पर केशव मौर्य का तंज, कहा- यह ‘ठगबंधन’ भाजपा के लिए चुनौती नहीं

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे ‘ठगबंधन’ करार दिया है। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान उनकी अंदरूनी कमजोरी को दर्शाती है। मौर्य ने दावा किया कि सपा और कांग्रेस के बीच तालमेल का अभाव है और इस तरह की राजनीतिक नौटंकी का भारतीय जनता पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा को इस गठबंधन से कोई खतरा नहीं है और पार्टी प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा को वोट देना मुसीबत को न्योता देने जैसा है, जबकि कांग्रेस को वोट देना देश को पीछे ले जाने वाला कदम होगा। उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह सुरक्षित और मजबूत स्थिति में है।
सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए मौर्य ने कहा कि पार्टी प्रदेश में फिर से अपराधियों और माफियाओं का दौर वापस लाना चाहती है। उन्होंने पिछले दस वर्षों में राज्य के दंगामुक्त होने और कानून-व्यवस्था में सुधार का हवाला दिया। इसके अलावा, उन्होंने अखिलेश यादव पर धार्मिक मुद्दों और पीडीए के नाम पर राजनीति करने का कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश सुरक्षित है और जनता विकास के साथ है।
