15 जुलाई को लौटेंगे शुक्ला, पूरा होगा अंतरिक्ष मिशन
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटने वाले हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताए हैं। यह यात्रा एक्सिओम-4 मिशन के तहत की गई थी, जिसमें अमेरिका की अनुभवी कमांडर पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू भी शामिल थे। मिशन को ISRO के गगनयान कार्यक्रम की तैयारी के लिए एक निर्णायक अभ्यास माना जा रहा है।
नासा के अनुसार, चारों अंतरिक्ष यात्री 14 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 4:35 बजे क्रू ड्रैगन यान से वापसी की यात्रा शुरू करेंगे। यान 15 जुलाई को दोपहर लगभग 3 बजे कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में उतरेगा। इसके बाद शुभांशु शुक्ला को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण में पुनः ढलने के लिए सात दिन के पुनर्वास कार्यक्रम से गुजरना होगा, जिसमें फ्लाइट सर्जन उनकी शारीरिक व मानसिक स्थिति की निगरानी करेंगे।
ISRO ने पुष्टि की है कि शुक्ला का स्वास्थ्य फिलहाल उत्तम है। अंतरिक्ष यान 60 से अधिक प्रयोगों का डेटा और 580 पाउंड से ज्यादा वैज्ञानिक सामग्री लेकर लौटेगा, जिससे वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा मिल सकती है। मिशन कमांडर पैगी व्हिटसन ने मजाकिया अंदाज़ में बताया कि शुक्ला द्वारा लाया गया गाजर का हलवा और आमरस अंतरिक्ष यात्रियों का मनपसंद व्यंजन बन गया। इस मिशन से ISRO को 2027 में प्रस्तावित गगनयान के लिए बहुमूल्य अनुभव मिला है।
