ट्रंप की नई टैरिफ चेतावनी से BRICS में हलचल
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित BRICS समूह के सभी 10 देशों को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि अमेरिका की “अमेरिका-विरोधी” नीतियों पर यदि किसी सदस्य देश ने समर्थन किया, तो 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि BRICS का उद्देश्य अमेरिकी डॉलर को कमजोर करना है और इस संगठन से जुड़े किसी भी देश को रियायत नहीं दी जाएगी। “अगर भारत BRICS में है, तो उसे भी टैरिफ देना होगा,” ट्रंप ने अपनी कैबिनेट बैठक में स्पष्ट कहा।
हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह टैरिफ अभी तत्काल प्रभाव में नहीं आएगा, बल्कि तब लागू होगा जब कोई देश अमेरिका-विरोधी नीति अपनाएगा। BRICS नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और ट्रंप की नीति को “अवैध और मनमाना” करार देते हुए कहा कि इससे वैश्विक व्यापार अस्थिर हो सकता है। समूह ने WTO नियमों के तहत नियम-आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप की यह टैरिफ नीति आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए घरेलू समर्थन जुटाने की रणनीति हो सकती है। लेकिन इस कदम से भारत सहित ब्रिक्स देशों के साथ अमेरिका के व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ सकता है। साथ ही, वैश्विक सप्लाई चेन में बाधा आने की भी आशंका जताई जा रही है।
