AI से होगा पेपर तैयार, SSC ने लीक पर कसी लगाम

सरकारी नौकरियों के इच्छुक युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) ने अब पेपर लीक की समस्या पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है। इसके तहत SSC ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कंटेंट ऑथरिंग टूल की शुरुआत की है, जो परीक्षा शुरू होने से मात्र 15 मिनट पहले ही प्रश्न पत्र तैयार करेगा। इस प्रणाली का पहला सफल परीक्षण 15 जून को हुआ, जो भविष्य की परीक्षाओं के लिए नई दिशा तय कर सकता है।

AI टूल Cubastion Consulting द्वारा विकसित किया गया है और फिलहाल यह विभागीय परीक्षाओं में इस्तेमाल हो रहा है। यह टूल पहले से बने प्रश्न बैंक से सवालों को स्मार्ट तरीके से चुनता है और यह सुनिश्चित करता है कि पेपर में दोहराव, त्रुटियां या पैटर्न लीक की कोई गुंजाइश न बचे। खास बात यह है कि अंतिम प्रश्न पत्र परीक्षा से ठीक पहले ही जेनरेट होता है और यह SSC के अधिकारियों के लिए भी पहले से ज्ञात नहीं होता, जिससे लीक की संभावना शून्य हो जाती है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए SSC ने प्रश्न पत्र को डिजिटल एन्क्रिप्शन और सिग्नेचर से सुरक्षित किया है। परीक्षा की पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए इसे एक डिजिटल ताले में रखा जाता है, जो केवल अधिकृत सत्यापन के बाद ही खुलता है। साथ ही केंद्र सरकार ने ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ के तहत पेपर लीक या गड़बड़ी पर कठोर सजा का प्रावधान भी लागू कर दिया है।